सोशल मीडिया रील और स्टंटबाजी के नाम पर डर फैलाने वालों पर चौरासी पुलिस का शिकंजा : 12 पावर बाइक्स की जब्त

संवाददाता - संतोष व्यास

डूंगरपुर। सड़कों पर तेज रफ्तार से बाइक चलाकर और स्टंटबाजी के जरिए आमजन में खौफ पैदा करने वाले हुड़दंगियों के खिलाफ पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है। जिला पुलिस अधीक्षक मनीष कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत चौरासी थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 12 पावर बाइक्स को डिटेन किया है।

एसपी के निर्देशानुसार चौरासी थानाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया था। इस टीम ने अलग-अलग समूह बनाकर सड़कों पर बेधड़क तेज गति से पावर बाइक दौड़ाने और दहशत फैलाने वालों पर नकेल कसते हुए यह कार्रवाई की।

- स्टंटबाजी और रील बनाने वालों को पुलिस की चेतावनी

जिला पुलिस अधीक्षक ने आमजन और युवाओं से अपील की है कि वे अलग-अलग नामों से ग्रुप बनाकर सड़कों पर भय का माहौल न बनाएं। रील बनाने या सोशल मीडिया पर वाहवाही लूटने के लिए गाड़ियों के साथ जानलेवा स्टंट न करें, इससे खुद की और दूसरों की जान जोखिम में पड़ती है। उन्होंने कहा कि स्टंट और हथियारों के साथ फोटो या वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड करने वालों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि पुलिस द्वारा सोशल मीडिया हैंडल पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। यदि कोई व्यक्ति ऐसे किसी ग्रुप या स्टंट करने वालों के बारे में जानकारी देना चाहता है, तो वह डूंगरपुर पुलिस के आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर सूचित कर सकता है।