महिला सुरक्षा सलाह केंद्र एवं सखी सेंटर द्वारा साथिनों की बैठक आयोजित

डूंगरपुर। महिला सुरक्षा सलाह केंद्र, सखी वन स्टॉप सेंटर और पीएसएसके की कार्यकर्ताओं द्वारा मंगलवार को साथिनों की एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में उपस्थित साथिनों को महिला सुरक्षा एवं कल्याण से जुड़ी विभिन्न योजनाओं, कानूनी प्रावधानों और सहायता प्रक्रियाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं ने महिला सुरक्षा सलाह केंद्र की कार्य प्रणाली और इसके मुख्य उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। इसके साथ ही, महिलाओं और बच्चों के अधिकारों की रक्षा के लिए लागू पोक्सो एक्ट, दहेज निषेध अधिनियम और घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम, 2005 के कानूनी पहलुओं से सभी को अवगत कराया गया। साथ ही महिला अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी भी साझा की गई।

उपस्थित अधिकारियों ने साथिनों को प्रेरित करते हुए निर्देश दिए कि वे ग्राम स्तर पर महिलाओं के साथ नियमित बैठकें आयोजित करें। इन बैठकों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया जाए। साथ ही, यह भी सुनिश्चित किया गया कि यदि गांव में कोई भी पीड़ित या परेशान महिला मदद के लिए पहुंचती है, तो उसे तत्काल सखी सेंटर अथवा महिला सुरक्षा सलाह केंद्र के माध्यम से त्वरित सहायता और सहयोग प्रदान करने की प्रक्रिया से जोड़ा जाए। इस अवसर पर सुपरवाइजर सुचिता कलाल सहित विभाग का समस्त स्टाफ और बड़ी संख्या में साथिनें मौजूद रहीं।