सीएचओ संघ ब्लॉक दोवड़ा की कार्यकारिणी घोषित, राजकुमार कटारा बने ब्लॉक अध्यक्ष

संवाददाता - संतोष व्यास

डूंगरपुर। जिले के दोवड़ा ब्लॉक में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों की बैठक मंगलवार को आयोजित की गई, जिसमें संगठन की मजबूती और सीएचओ के हितों की रक्षा के उद्देश्य से सर्वसम्मति से नई ब्लॉक कार्यकारिणी का गठन किया गया। बैठक में सर्वसम्मति से राजकुमार कटारा को दोवड़ा ब्लॉक अध्यक्ष चुना गया।

नवगठित कार्यकारिणी में नीलम जोशी को उपाध्यक्ष, निलेश रोत को सचिव तथा अशोक कुमार मीणा को कोषाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा, संगठन की गतिविधियों को गति देने के लिए अंकित पंड्या, हिना अहारी, मनीष परमार, सुरेश खराड़ी, अरविंद पाटीदार एवं अक्षयराज सिंह चुण्डावत को कार्यकारिणी सदस्य के रूप में शामिल किया गया है।

- सेवा संबंधी समस्याओं और संगठन की एकजुटता पर मंथन

बैठक के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों के सामने आ रही सेवा संबंधी व्यावहारिक समस्याओं के समाधान, कैडर के हितों के संरक्षण तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को ओर अधिक प्रभावी एवं सुलभ बनाने जैसे कई महत्वपूर्ण विषयों पर गहन विचार-विमर्श किया गया। वक्ताओं ने कहा कि एक मजबूत और संगठित ढांचा ही अधिकारियों की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाने में मददगार साबित होगा।

- एकजुटता और जनसेवा के संकल्प के साथ हुआ बैठक का समापन

बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों ने नवगठित कार्यकारिणी का ढोल-धमाकों और उत्साह के साथ स्वागत किया तथा विश्वास जताया कि नई टीम संगठन को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगी। कार्यक्रम का सफल संचालन अंकित पंड्या द्वारा किया गया, जबकि बैठक के अंत में मनीष परमार ने सभी उपस्थित अधिकारियों का धन्यवाद और आभार व्यक्त किया। बैठक का समापन संगठन की एकजुटता, आपसी सहयोग और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने के संकल्प के साथ हुआ।