उत्तर पश्चिम रेलवे में संरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता, महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने की समीक्षा, सतर्क रेलकर्मियों को किया सम्मानित

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे मुख्यालय में मंगलवार को महाप्रबंधक पंकज शर्मा की अध्यक्षता में संरक्षा एवं कार्य समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में चारों मंडलों के मंडल रेल प्रबंधक, विभागाध्यक्ष और वरिष्ठ अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भाग लिया। बैठक में सुरक्षित रेल संचालन, यात्री सुविधाओं, स्वच्छता, निर्माण परियोजनाओं, रेलवे ट्रैक की निगरानी, आय वृद्धि और बुनियादी ढांचे के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से समीक्षा की गई।

महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि रेल संरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण परियोजनाओं, यात्री सुविधाओं और 'कवच' प्रणाली के कार्यों में तेजी लाई जाए तथा स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जाए।

मानसून को देखते हुए उन्होंने ट्रैक की नियमित पेट्रोलिंग, विद्युत एवं सिग्नल प्रणाली की लगातार निगरानी, जलभराव वाले रेलवे अंडरपास और स्टेशन यार्डों में विशेष प्रबंध करने के निर्देश दिए। साथ ही आगामी मेलों के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की संख्या को देखते हुए अतिरिक्त व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मी हुए सम्मानित

बैठक के दौरान विभिन्न मंडलों के उन रेल कर्मचारियों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपनी सतर्कता और तत्परता से संभावित रेल दुर्घटनाओं को टालकर यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित की।

सम्मानित कर्मचारियों में अजमेर मंडल के नंदलाल रैगर, जयपुर मंडल के सोहन सिंह मीना, मदन सिंह नेहरा, नीरज वासू, विनोद कुमार कुमावत और लोकेश कुमार सैनी, तथा जोधपुर मंडल के लख सिंह और राजेंद्र कुमार शामिल रहे। इन सभी कर्मचारियों ने समय रहते ट्रैक, ओएचई, वैगन, कोच और अन्य तकनीकी खामियों का पता लगाकर तत्काल कार्रवाई की, जिससे संभावित गंभीर रेल दुर्घटनाओं को टाला जा सका।

महाप्रबंधक पंकज शर्मा ने सभी पुरस्कृत कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा रेलवे की सुरक्षा संस्कृति का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुरक्षा के प्रति कर्मचारियों की नियमित काउंसलिंग और निरीक्षण अभियान लगातार जारी रखें, ताकि उत्तर पश्चिम रेलवे में सुरक्षित, विश्वसनीय और गुणवत्तापूर्ण रेल सेवाएं सुनिश्चित की जा सकें।