कॉमनवेल्थ खेलों में उत्तर पश्चिम रेलवे के यशवीर सिंह का शानदार प्रदर्शन, जेवलिन थ्रो में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया देश का मान

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के लिए गर्व का क्षण है। जयपुर मंडल के किशनगढ़ स्टेशन पर वाणिज्य सह टिकट क्लर्क (सीसीटीसी) के पद पर कार्यरत यशवीर सिंह ने कॉमनवेल्थ खेल 2026 की जेवलिन थ्रो स्पर्धा में शानदार प्रदर्शन करते हुए कांस्य पदक जीतकर भारत और भारतीय रेलवे का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर रोशन किया है।

यशवीर सिंह ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और उत्कृष्ट खेल प्रतिभा के दम पर विश्वस्तरीय प्रतियोगिता में यह महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। उनकी इस सफलता ने न केवल भारतीय खेल जगत बल्कि उत्तर पश्चिम रेलवे को भी गौरवान्वित किया है। रेलवे परिवार के लिए यह उपलब्धि प्रेरणादायी मानी जा रही है।

इस सफलता के पीछे उनके कोच राय सिंह के मार्गदर्शन और निरंतर प्रशिक्षण की भी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनके समर्पित प्रयासों और खिलाड़ी की लगन ने मिलकर यह ऐतिहासिक उपलब्धि दिलाई।

उत्तर पश्चिम रेलवे के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने यशवीर सिंह को इस गौरवपूर्ण उपलब्धि पर हार्दिक बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। साथ ही विश्वास जताया है कि वे आगामी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत के लिए और अधिक पदक जीतेंगे।

यशवीर सिंह की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि भारतीय रेलवे अपने कर्मचारियों की खेल प्रतिभाओं को लगातार प्रोत्साहित कर रही है, जिससे देश को अंतरराष्ट्रीय मंच पर नई-नई उपलब्धियां हासिल हो रही हैं।