बड़ी सफलता: श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल ने दुर्लभ ब्लड कैंसर का किया सफल इलाज

कटरा। जम्मू-कश्मीर के स्वास्थ्य क्षेत्र में एक और बड़ी उपलब्धि दर्ज करते हुए श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल, ककरियाल-कटरा ने दुर्लभ रक्त कैंसर हेयरी सेल ल्यूकेमिया (Hairy Cell Leukemia) के एक मरीज का सफल उपचार कर नई उम्मीद जगाई है। यह सफलता अस्पताल की अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं और विशेषज्ञ डॉक्टरों की दक्षता का प्रमाण है।

राजस्थान के रहने वाले एक मध्यम आयु वर्ग के सीआरपीएफ जवान लंबे समय से अत्यधिक थकान, एनीमिया, प्लेटलेट्स और श्वेत रक्त कोशिकाओं की कमी तथा तिल्ली (स्प्लीन) के असामान्य रूप से बढ़ जाने जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहे थे। अस्पताल में विशेषज्ञों ने बोन मैरो जांच, इम्यूनोफेनोटाइपिंग और बीआरएएफ वी600ई (BRAF V600E) म्यूटेशन सहित अत्याधुनिक जांचों के माध्यम से यह पुष्टि की कि मरीज को दुर्लभ रक्त कैंसर हेयरी सेल ल्यूकेमिया है, जो अत्यंत कम लोगों में पाया जाता है।

अस्पताल की क्लिनिकल हीमैटोलॉजिस्ट एवं हीमैटो-ऑन्कोलॉजिस्ट डॉ. दीपिका गुप्ता के नेतृत्व में मरीज का आधुनिक कीमोथेरेपी से सफल इलाज किया गया। उपचार के बाद मरीज के रक्त की सभी प्रमुख जांच सामान्य हो गईं, बढ़ी हुई तिल्ली अपने सामान्य आकार में लौट आई और मरीज पूर्ण रूप से रोगमुक्त (कम्प्लीट रिमिशन) हो गया। वर्तमान में मरीज पूरी तरह स्वस्थ है और नियमित चिकित्सकीय निगरानी में सामान्य जीवन व्यतीत कर रहा है।

डॉ. दीपिका गुप्ता ने कहा कि लगातार थकान, बार-बार संक्रमण, रक्त की कमी या तिल्ली का बढ़ना जैसे लक्षणों को कभी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। समय पर सही जांच और विशेषज्ञ उपचार मिलने पर हेयरी सेल ल्यूकेमिया जैसी दुर्लभ बीमारी का भी सफल इलाज संभव है।

श्री माता वैष्णो देवी इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल एक्सीलेंस के कार्यकारी निदेशक ने इस उपलब्धि को श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड की दूरदर्शी सोच और उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार का परिणाम बताते हुए कहा कि संस्थान का उद्देश्य लोगों को अपने क्षेत्र में ही विश्वस्तरीय और जीवनरक्षक चिकित्सा उपलब्ध कराना है।

यह उपलब्धि क्षेत्र में ब्लड कैंसर उपचार सेवाओं की बढ़ती क्षमता को भी दर्शाती है। अब ल्यूकेमिया, लिम्फोमा, मल्टीपल मायलोमा और अन्य जटिल रक्त रोगों से पीड़ित मरीजों को बेहतर और विशेषज्ञ उपचार के लिए दूर-दराज के महानगरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

अत्याधुनिक जांच सुविधाओं, ट्रॉमा-रेडी इंफ्रास्ट्रक्चर, क्रिटिकल केयर यूनिट और 24*7 आपातकालीन सेवाओं से सुसज्जित श्री माता वैष्णो देवी नारायणा सुपरस्पेशियलिटी अस्पताल जम्मू-कश्मीर और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और समय पर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के अपने संकल्प को लगातार मजबूत कर रहा है।