युवा शंखनाद महाखेल सम्मेलन की तैयारियों ने पकड़ा जोर : संघ कार्यालय में 40 से अधिक समाजों की बैठक संपन्न

संवाददाता - संतोष व्यास

डूंगरपुर। मोबाइल और सोशल मीडिया के दौर में युवाओं को मैदानी खेलों से जोड़ने तथा उनकी सोच व जीवनशैली को सकारात्मक दिशा देने के उद्देश्य से आगामी 16 अगस्त को 'युवा शंखनाद महाखेल सम्मेलन' का आयोजन किया जा रहा है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा आयोजित इस महाखेल सम्मेलन की तैयारियों को लेकर स्थानीय संघ कार्यालय में एक महत्वपूर्ण समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले में निवासरत 40 से 45 समाजों के अध्यक्षों और प्रतिनिधियों ने सर्वसम्मति से सहभागिता दर्ज कराई।

- समाजों, शैक्षणिक संस्थाओं और जिम संचालकों की जुटी भागीदारी

बैठक में केवल सामाजिक प्रतिनिधि ही नहीं, बल्कि विभिन्न सामाजिक संस्थाओं के संस्थापक, विद्यालय व महाविद्यालय संचालक, छात्रावास प्रबंधन, जिम व अखाड़ों के संचालक तथा युवा शिक्षक व प्राध्यापक भी शामिल हुए।

बैठक को संबोधित करते हुए भूपेश ओदिच्य ने सभी समाज प्रमुखों से अपने-अपने समाज के युवाओं को इस महाखेल में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित करने का आह्वान किया। इस दौरान उपस्थित प्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्रों से संभावित प्रतिभागी युवाओं की अनुमानित संख्या भी साझा की।

बैठक में वक्ताओं ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि वर्तमान में युवा वर्ग सोशल मीडिया, रील्स और शॉर्ट्स की आभासी दुनिया में अत्यधिक उलझता जा रहा है, जिससे उनका शारीरिक, मानसिक और सामाजिक विकास प्रभावित हो रहा है। महाखेल सम्मेलन का मुख्य ध्येय युवाओं को पारंपरिक खेलों के माध्यम से साहस, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम भावना सिखाना है ताकि वे जीवन की चुनौतियों का धैर्य और आत्मविश्वास से सामना कर सकें।

- आसान पंजीकरण के लिए क्यूआर कोड और लिंक जारी

युवाओं को पंजीकरण प्रक्रिया में किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए आयोजन समिति द्वारा ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन हेतु क्यूआर कोड एवं वेब लिंक जारी किया गया। इसके माध्यम से युवा घर बैठे अपना पंजीकरण करा सकेंगे।

- ये प्रमुख जन रहे उपस्थित

बैठक में रमाकांत भावसार, शरद जोशी, प्रशांत चौबीसा, मुकेश जोशी, शिवराम मोची, कन्हैयालाल सोमपुरा, प्रदीप पालीवाल, शैलेश मेहता, सुनील जैन, धर्मेंद्र वोरा, सिद्धार्थ मेहता, भानु सेवक, सूर्यवीरसिंह, मोतीलाल खटिक, गजेश जोशी, प्रकाश पंचाल, सुभाष रोत, जगदीश वैष्णव, मुकेश पवार, पुरुषोत्तम सुथार, किशन भोई, राजेश चौबीसा, पूनमचंद लबाना, धनपाल जैन, राजेश पंचाल, शंकर फूमतिया, नरेंद्र आर्य, नवनीत श्रीमाली सहित कई प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।