प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, पत्नी गिरफ्तार; प्रेमी की तलाश जारी

पीलीभीत। जनपद के माधोटांडा थाना क्षेत्र के गांव लोहरपुरी फुलहर में हुए चर्चित उमाशंकर हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी ममता देवी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी महिला को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जिला कारागार भेज दिया गया। वहीं, मामले में नामजद एक अन्य आरोपी नकुम भावेश की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, मृतक उमाशंकर गुजरात में मजदूरी करता था और समय-समय पर अपने घर आता था। करीब तीन-चार वर्ष पहले उसकी पत्नी ममता देवी भी बच्चों के साथ गुजरात गई थी, जहां दोनों एक ही फैक्ट्री में काम करते थे। इसी दौरान ममता की पहचान फैक्ट्री में कार्यरत नकुम भावेश से हुई और दोनों के बीच कथित रूप से प्रेम संबंध स्थापित हो गए। जांच में यह भी सामने आया कि दोनों ने कथित तौर पर कोर्ट मैरिज कर ली थी।

पुलिस का कहना है कि उमाशंकर को इस संबंध की जानकारी हो गई थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। 31 जुलाई को भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद के बाद ममता ने अपने प्रेमी नकुम भावेश से फोन पर बात की और पति से छुटकारा पाने की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, उसी रात ममता ने आम फ्लेवर वाली कोल्ड ड्रिंक में 10 से 15 नींद की गोलियां मिलाकर उमाशंकर को पिला दीं। जब वह बेहोश हो गया तो रात करीब एक बजे उसका मुंह और गला दबाकर उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी महिला मौके से चली गई।

घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अशोक पाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। विवेचना एवं उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ममता देवी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

पुलिस का कहना है कि विवेचना के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपी नकुम भावेश की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार दबिश दे रही है। मामले में आगे की कार्रवाई साक्ष्यों और विवेचना के आधार पर की जाएगी।