पीलीभीत में स्कूली बच्चों से भरी वैन पेड़ से टकराई, कई छात्र घायल; 108 एंबुलेंस की तत्परता से टली बड़ी अनहोनी

पीलीभीत। जनपद के ग्राम नवदिया दहला के बच्चों को घर छोड़ने जा रही एक स्कूल वैन शनिवार को खुजरहा मोड़ के पास अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में वैन में सवार कई छात्र घायल हो गए। दुर्घटना की सूचना मिलते ही डायल 108 एंबुलेंस सेवा की टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई।

बताया गया कि हादसे के बाद गौरव नामक युवक ने तुरंत 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची। एंबुलेंस में तैनात ईएमटी नमरूल हसन और पायलट सुरेंद्र कुमार ने बिना समय गंवाए सभी घायल बच्चों को सुरक्षित एंबुलेंस में शिफ्ट किया। प्राथमिक उपचार के दौरान कॉल सेंटर पर मौजूद डॉ. अरविंद कुमार के मार्गदर्शन में बच्चों के वाइटल्स की जांच की गई। चिकित्सकीय सलाह के अनुसार घायलों के घावों पर ड्रेसिंग की गई, आवश्यक इंजेक्शन लगाए गए तथा दर्द से राहत के लिए पेनकिलर स्प्रे का उपयोग किया गया।प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायल बच्चों को जिला अस्पताल पहुंचाकर भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी बच्चों की हालत सामान्य है और वे खतरे से बाहर हैं।

घटना के बाद बच्चों के परिजनों ने 108 एंबुलेंस सेवा की त्वरित कार्रवाई और कर्मचारियों की संवेदनशीलता की सराहना करते हुए ईएमटी नमरूल हसन, पायलट सुरेंद्र कुमार तथा पूरी 108 एंबुलेंस टीम का आभार व्यक्त किया। परिजनों का कहना है कि समय पर मिली चिकित्सा सहायता से बच्चों को शीघ्र उपचार मिल सका और एक बड़ी अनहोनी टल गई।