एडीजी फायर पद्मजा चौहान के निर्देश पर मुरादाबाद में रेस्टोरेंट कर्मचारियों को दिया गया फायर सेफ्टी प्रशिक्षण

मुरादाबाद। आमजन की सुरक्षा और अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम को लेकर चलाए जा रहे जागरूकता अभियान के तहत एडीजी फायर पद्मजा चौहान तथा मुरादाबाद के मंडलायुक्त आन्जनेय कुमार सिंह के निर्देश में एसएसपी सतपाल अंतिल के नेतृत्व पर दिल्ली रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में फायर सेफ्टी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

सीएफओ डॉ. राजीव कुमार पाण्डेय एवं अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा की देखरेख में आयोजित इस प्रशिक्षण में रेस्टोरेंट के कर्मचारियों को आग लगने की स्थिति में त्वरित एवं सुरक्षित कार्रवाई करने के तरीके बताए गए। उन्हें अग्निशामक यंत्रों के सही उपयोग, आपातकालीन निकासी, गैस सिलेंडर एवं विद्युत उपकरणों के सुरक्षित संचालन तथा आग से बचाव के प्रभावी उपायों की व्यावहारिक जानकारी भी दी गई।

प्रशिक्षण के दौरान मॉक ड्रिल आयोजित कर कर्मचारियों को आग पर शुरुआती स्तर पर नियंत्रण पाने का अभ्यास कराया गया। अधिकारियों ने बताया कि नियमित फायर सेफ्टी प्रशिक्षण से दुर्घटनाओं के दौरान जन-धन की हानि को काफी हद तक रोका जा सकता है।

अग्निशमन विभाग ने सभी होटल, रेस्टोरेंट एवं अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से फायर सेफ्टी मानकों का पूर्ण पालन करने और कर्मचारियों को समय-समय पर प्रशिक्षण दिलाने की अपील की। इस पहल को शहर में सुरक्षा संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण और सकारात्मक कदम माना जा रहा है।