कटघर रेलवे फाटक दो रात रहेगा बंद, रेल प्रशासन ने जारी किया ट्रैफिक एडवाइजरी

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने इंजीनियरिंग अनुरक्षण कार्य के चलते इज्जतनगर?बरेली सिटी रेलखंड पर स्थित समपार संख्या 247/बी (कटघर फाटक) को दो चरणों में सड़क यातायात के लिए पूर्णतः बंद रखने का निर्णय लिया है।

रेल प्रशासन के अनुसार कटघर फाटक 1 अगस्त 2026 की रात 10:00 बजे से 2 अगस्त 2026 की सुबह 6:00 बजे तक तथा 3 अगस्त 2026 की रात 10:00 बजे से 4 अगस्त 2026 की सुबह 6:00 बजे तक पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान फाटक पर इंजीनियरिंग अनुरक्षण कार्य किया जाएगा।

यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए रेल प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग भी निर्धारित किए हैं। वाहन चालक इस अवधि में किला फाटक स्थित समपार संख्या 246/स्पेशल तथा श्मशान भूमि स्थित समपार संख्या 248/स्पेशल का उपयोग कर अपने गंतव्य तक पहुंच सकते हैं।

रेल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि निर्धारित अवधि में वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अनुरक्षण कार्य को सुरक्षित एवं समयबद्ध ढंग से पूरा कराने में सहयोग दें। साथ ही इस अस्थायी असुविधा के लिए खेद भी व्यक्त किया है।