माघ मेला-2027 की तैयारियों में जुटा प्रयागराज मंडल, डीआरएम ने अधिकारियों को दिए समयबद्ध कार्ययोजना के निर्देश

प्रयागराज। आगामी माघ मेला-2027 को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और यात्री सुविधाओं से परिपूर्ण बनाने के उद्देश्य से उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल में तैयारियां शुरू हो गई हैं। शुक्रवार को मंडल के संकल्प सभागार में प्रथम आंतरिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने की। बैठक में अपर मंडल रेल प्रबंधक (सामान्य) दीपक कुमार, अपर मंडल रेल प्रबंधक (परिचालन) मो. मुबश्शिर वारिस सहित सभी शाखा अधिकारियों ने भाग लिया।

बैठक में माघ मेला-2027 के दौरान संभावित यात्री भार, प्रमुख स्नान पर्वों पर भीड़ प्रबंधन, विशेष मेला ट्रेनों का संचालन, अतिरिक्त टिकट काउंटर, चिकित्सा सुविधाएं, स्वच्छता, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था, बहुभाषी उद्घोषणा प्रणाली, सुरक्षा व्यवस्था और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई। विभागवार कार्ययोजना का प्रस्तुतीकरण करते हुए अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

रेलवे प्रशासन ने प्रयागराज जंक्शन, नैनी, प्रयागराज छिवकी और सूबेदारगंज जैसे प्रमुख स्टेशनों पर अस्थायी यात्री आश्रय, अतिरिक्त टिकट काउंटर, ऑटोमेटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम), दिशा-सूचक संकेतक, सीसीटीवी आधारित निगरानी, चिकित्सा सहायता केंद्र, स्वच्छता एवं पेयजल व्यवस्था को और सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। साथ ही मेला प्रशासन और राज्य सरकार के विभिन्न विभागों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए।

बैठक में बताया गया कि माघ मेला-2027 का आयोजन 15 जनवरी से 6 मार्च 2027 तक प्रस्तावित है। इस दौरान मकर संक्रांति (15 जनवरी), पौष पूर्णिमा (22 जनवरी), मौनी अमावस्या (6 फरवरी), बसंत पंचमी (11 फरवरी), माघी पूर्णिमा (20 फरवरी) और महाशिवरात्रि (6 मार्च) जैसे प्रमुख स्नान पर्वों पर लाखों श्रद्धालुओं के प्रयागराज पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए रेलवे सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी करेगा।

मंडल रेल प्रबंधक रजनीश अग्रवाल ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि माघ मेला-2026 के अनुभवों का पूरा लाभ उठाते हुए आधुनिक तकनीकों, बेहतर समन्वय और अग्रिम योजना के साथ तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम, सुविधाजनक और उत्कृष्ट रेल सेवाएं उपलब्ध कराना प्रयागराज मंडल की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग निर्धारित समयसीमा में अपनी कार्ययोजना तैयार करें और नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्यों की प्रगति पर लगातार निगरानी रखें।