जम्मू रेलवे स्वास्थ्य इकाई में लगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर, 45 रेलकर्मियों व परिजनों ने उठाया लाभ

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेलकर्मियों और उनके परिवारों के बेहतर स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए रेलवे स्वास्थ्य इकाई, जम्मू में रोटरी क्लब के सहयोग तथा उजाला सिग्नस जेके मेडिसिटी अस्पताल के समन्वय से निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया। शिविर में बड़ी संख्या में रेलकर्मियों एवं उनके परिजनों ने भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य परामर्श प्राप्त किया।

शिविर में स्त्री रोग, शिशु रोग और अस्थि रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की स्वास्थ्य जांच कर निःशुल्क चिकित्सीय परामर्श और आवश्यक दवाइयां उपलब्ध कराईं। इस स्वास्थ्य शिविर का लाभ करीब 45 मरीजों ने उठाया।

कार्यक्रम का उद्घाटन मंडल रेल प्रबंधक, जम्मू ने किया। उन्होंने शिविर का निरीक्षण कर चिकित्सकों और रोटरी क्लब के पदाधिकारियों से मुलाकात की तथा इस पहल की सराहना की।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक ने कहा कि रेलकर्मियों और उनके परिवारों का स्वास्थ्य रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने रोटरी क्लब और उजाला सिग्नस जेके मेडिसिटी अस्पताल के सहयोग की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे शिविरों से कर्मचारियों को अपने कार्यस्थल पर ही विशेषज्ञ चिकित्सीय सेवाएं उपलब्ध हो रही हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जम्मू मंडल भविष्य में भी कर्मचारियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए इस प्रकार के जनहितकारी कार्यक्रम लगातार आयोजित करता रहेगा।

यह स्वास्थ्य शिविर रेलकर्मियों के स्वास्थ्य संरक्षण और बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में जम्मू मंडल की एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।