अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत ब्यावर स्टेशन का तेजी से हो रहा कायाकल्प, तीन-चौथाई कार्य पूरा

अजमेर। भारतीय रेलवे की अमृत भारत स्टेशन योजना के अंतर्गत अजमेर मंडल के ब्यावर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास तेजी से जारी है। आधुनिक यात्री सुविधाओं, विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे और दिव्यांगजन अनुकूल व्यवस्थाओं से लैस किए जा रहे स्टेशन का लगभग 75 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है, जबकि अधिकांश निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच गए हैं।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि स्टेशन भवन, फुट ओवर ब्रिज (एफओबी), लिफ्ट, ड्रेनेज, सर्कुलेटिंग एरिया तथा यात्री सुविधाओं से जुड़े कार्यों की लगातार निगरानी की जा रही है। इनमें से अधिकांश कार्य 70 से 90 प्रतिशत तक पूरे हो चुके हैं।

मुख्य एवं द्वितीय प्रवेश भवन के एलिवेशन, स्टोन फिनिशिंग और छज्जा प्लास्टर का कार्य लगभग 90 प्रतिशत पूरा हो चुका है। मुख्य भवन के ग्राउंड फ्लोर पर आकर्षक म्यूरल पेंटिंग का कार्य भी अंतिम चरण में है। इसके अलावा एसएस कार्यालय, शौचालय, स्टोर रूम, रंग-रोगन और अन्य फिनिशिंग कार्य तेजी से किए जा रहे हैं।

स्टेशन पर यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफॉर्मों पर लिफ्ट निर्माण, रैंप टाइलिंग, एफओबी की पेंटिंग, सीढ़ियों की ग्रेनाइट फिनिशिंग तथा अन्य संरचनात्मक कार्य भी तेजी से पूरे किए जा रहे हैं। वहीं दिव्यांग यात्रियों के लिए टैक्टाइल टाइल्स, रैंप, विशेष जल सुविधा, शौचालय और सुगम आवागमन की व्यवस्थाएं भी विकसित की जा रही हैं।

स्टेशन परिसर के सौंदर्यीकरण, पार्किंग, सर्कुलेटिंग एरिया, ड्रेनेज व्यवस्था और सफाई का कार्य भी लगातार प्रगति पर है, जिससे स्टेशन का स्वरूप पूरी तरह आधुनिक बनाया जा सके।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को शेष कार्य निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ब्यावर रेलवे स्टेशन का पुनर्विकास यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है तथा जल्द ही स्टेशन नए स्वरूप में यात्रियों को समर्पित किया जाएगा।