अजमेर मंडल के उत्कृष्ट टिकट चेकिंग कर्मियों का सम्मान, बेहतर प्रदर्शन के लिए किया गया प्रोत्साहित

अजमेर। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में अप्रैल से जून 2026 की अवधि के दौरान उत्कृष्ट कार्य प्रदर्शन, अनुशासित सेवा तथा टिकट चेकिंग के माध्यम से सर्वश्रेष्ठ राजस्व अर्जित करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा एवं वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले टिकट चेकिंग स्टाफ और अधिकारियों को प्रशस्ति प्रदान कर उनके योगदान की सराहना की।

सम्मानित होने वालों में डिप्टी सीटीआई नंदराम, भावेश शर्मा, योगेश सुनारिया, भानु गुर्जर, नीरज काला और जितेन्द्र कुमार, सीटीआई पृथ्वीराज राहड़िया, दिनेश यादव और शशि खंडेलवाल, सीनियर सीटीसी जितेन्द्र गुर्जर, राम सिंह यादव, हिमांशी सांखला, घनश्याम सैनी और पृथ्वी सिंह, सीसीटीसी सुनील कुमार तथा सीएस अतुल सिंह शेखावत शामिल रहे।

इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक राजू भूतड़ा ने सभी सम्मानित कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत, ईमानदारी और उत्कृष्ट कार्यशैली न केवल रेलवे के राजस्व में वृद्धि कर रही है, बल्कि अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने भविष्य में भी इसी समर्पण और लगन के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में सहायक वाणिज्य प्रबंधक राजकुमार स्वर्णकार सहित वाणिज्य विभाग के अन्य अधिकारी एवं रेल कर्मचारी भी उपस्थित रहे। समारोह के दौरान सभी सम्मानित कर्मचारियों के कार्यों की सराहना करते हुए उन्हें आगे भी उत्कृष्ट प्रदर्शन जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।