धोलागढ़ धाम में गुरु पूर्णिमा पर उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब, योगी प्रकाशनाथ महाराज ने दिया सनातन संस्कृति और समाज उत्थान का संदेश

संवाददाता - संतोष व्यास

सलूंबर। जिले के झल्लारा तहसील स्थित प्रसिद्ध धोलागढ़ धाम में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित भव्य महोत्सव में प्रदेश भर से हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुँचकर पीठाधीश्वर योगी प्रकाशनाथ महाराज के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान पूरा धाम परिसर जय गुरुदेव और सनातन धर्म के जयघोषों से गूंज उठा।

राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी ध्रुवराज सिंह माण्डव ने बताया कि गुरु पूर्णिमा पर धाम में दिनभर आध्यात्मिक कार्यक्रमों की धूम रही। कार्यक्रम के दौरान श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए पीठाधीश्वर योगी प्रकाशनाथ महाराज ने सनातन धर्म की महान परंपरा, गुरु-शिष्य संबंध की गरिमा और भारतीय संस्कृति के संरक्षण पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि गुरु ही जीवन से अज्ञानता के अंधकार को मिटाकर ज्ञान का नया प्रकाश फैलाते हैं। गुरु का सान्निध्य व्यक्ति को सही दिशा, उच्च संस्कार और आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करता है। उन्होंने सभी उपस्थित भक्तों से सनातन संस्कृति के मूल्यों को अपने जीवन में अपनाते हुए राष्ट्र व समाज के उत्थान में अपना योगदान देने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान राजस्थान सरकार की ओर से आयोजित संत सम्मान कार्यक्रम के तहत झल्लारा तहसीलदार देवेंद्र भाभोर और भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने योगी प्रकाशनाथ महाराज का भावभिना सम्मान किया। इस पावन अवसर पर पूर्व सांसद रतन सिंह राठौड़, पंकज पटेल, मदन सिंह चौहान, जितेंद्र सिंह उची मंगरी, आरवीएस प्रदेश अध्यक्ष मनोहर सिंह नानगा, राष्ट्रीय सह सचिव मुकेश भोई, चंद्रेश भावसार, त्रिभुवन सिंह चौहान, कमलेश चौबीसा, झल्लारा मंडल अध्यक्ष हितेश जोशी, केपी सिंह चौहान, गणपत सिंह चुण्डावत, भबराना मंडल अध्यक्ष भवानी सिंह, संकेत शर्मा, लोकेंद्र सिंह चौहान सहित रुद्र वाहिनी संघ के अनेक पदाधिकारी, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।