1 अगस्त से कांकिनाड़ा और जगद्दल स्टेशन पर नहीं रुकेगी सियालदह-रानाघाट एसी लोकल, रेलवे ने लिया फैसला

कोलकाता। सियालदह मंडल ने यात्रियों की संख्या और ट्रेन की समयपालनता को ध्यान में रखते हुए महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। सियालदह?रानाघाट एसी लोकल ट्रेन (31637/31638) का कांकिनाड़ा और जगद्दल स्टेशनों पर दिया गया अस्थायी ठहराव 1 अगस्त 2026 से समाप्त कर दिया जाएगा।

रेलवे के अनुसार यात्रियों की सुविधा और मांग का आकलन करने के उद्देश्य से पहले सिमुराली, हलीशहर, इच्छापुर, जगद्दल और कांकिनाड़ा सहित पांच स्टेशनों पर प्रायोगिक आधार पर एसी लोकल का अस्थायी ठहराव शुरू किया गया था। समीक्षा के दौरान कांकिनाड़ा और जगद्दल स्टेशनों पर एसी ईएमयू ट्रेन में यात्रियों की संख्या बेहद कम पाई गई।

इसी कारण ट्रेन की समयपालनता बनाए रखने और नियमित समय-सारिणी को बेहतर बनाने के लिए इन दोनों स्टेशनों पर ठहराव समाप्त करने का निर्णय लिया गया है।

हालांकि, सिमुराली, हलीशहर और इच्छापुर स्टेशनों पर एसी लोकल का अस्थायी ठहराव अगली समीक्षा तक पूर्ववत जारी रहेगा।

सियालदह मंडल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले नवीनतम समय-सारिणी की जानकारी अवश्य प्राप्त करें और उसी के अनुसार अपनी यात्रा की योजना बनाएं। मंडल प्रशासन ने इस बदलाव से होने वाली असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए यात्रियों के सहयोग और समझदारी के लिए आभार भी जताया है।