जोधपुर मंडल में टेक्नीशियन C&W स्टाफ को मिला तकनीकी प्रशिक्षण, सुरक्षा और गुणवत्तापूर्ण अनुरक्षण पर जोर

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कर्मचारियों की कार्यकुशलता और तकनीकी दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से चलाए जा रहे विशेष प्रशिक्षण अभियान के तहत मंगलवार को कोचिंग एंड वैगन (C&W) विभाग के टेक्नीशियन स्टाफ को तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में डीआरएम कार्यालय स्थित डेवलपमेंट सेंटर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों को कोचों के अनुरक्षण की नवीन कार्यप्रणालियों, सुरक्षा मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण, तकनीकी दोषों की पहचान एवं उनके समयबद्ध निस्तारण सहित आधुनिक अनुरक्षण तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रशिक्षकों ने बताया कि कोचों का गुणवत्तापूर्ण अनुरक्षण सुरक्षित, संरक्षित और समयबद्ध रेल संचालन की आधारशिला है। प्रशिक्षण में कर्मचारियों को व्यावहारिक अनुभवों के साथ आधुनिक कार्य प्रणाली अपनाने, सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने तथा बेहतर टीमवर्क के माध्यम से उत्कृष्ट परिणाम प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।

यह विशेष प्रशिक्षण अभियान 14 अगस्त तक जारी रहेगा, जिसके अंतर्गत मंडल के विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षण दिया जाएगा। अभियान का उद्देश्य तकनीकी ज्ञान, कार्यकुशलता, सुरक्षा जागरूकता और यात्री सेवा की गुणवत्ता में निरंतर सुधार सुनिश्चित करना है।