1 अगस्त से मेड़ता रोड–मूंडवा रेलखंड के दो समपार फाटक स्थायी रूप से होंगे बंद, आरयूबी से होगा आवागमन

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल ने यात्रियों और आमजन की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नागौर?मूंडवा रेलखंड पर स्थित समपार फाटक संख्या 75 और 76 को 1 अगस्त 2026 से स्थायी रूप से बंद करने का निर्णय लिया है।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक हितेश यादव ने बताया कि समपार फाटक संख्या 75 (कि.मी. 589/9-10) और संख्या 76 (कि.मी. 591/1-2) के स्थान पर रोड अंडर ब्रिज (आरयूबी) का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना के पूरा होने से सड़क और रेल यातायात अधिक सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित होगा।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि समपार फाटक बंद होने के बाद सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए आरयूबी संख्या 31-ए (कि.मी. 594/19-20, मूंडवा यार्ड) को वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग किया जा सकेगा।

रेल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि 1 अगस्त 2026 से समपार फाटक संख्या 75 एवं 76 का उपयोग न करें तथा सुरक्षित यात्रा के लिए केवल निर्धारित वैकल्पिक मार्ग का ही इस्तेमाल करें।