नीलम मेरौठिया एवं महिला संगठन की पहल, जरूरतमंद महिला को मिला स्वरोजगार का संबल

सुमित गर्ग संवाददाता,

आगरा/फतेहाबाद। समाजसेवा की प्रेरणादायी मिसाल पेश करते हुए नीलम मेरौठिया एवं महिला संगठन ने एक जरूरतमंद विधवा महिला को सिलाई मशीन भेंट कर उसे आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया।

महिला के पति के निधन के बाद परिवार की आय का कोई साधन नहीं था। वह अपने बच्चे के साथ कठिन परिस्थितियों में जीवनयापन कर रही थी। सिलाई, कढ़ाई, पीको और माला पिरोने जैसे हस्तशिल्प कार्यों में दक्ष होने के बावजूद आर्थिक अभाव के कारण वह सिलाई मशीन नहीं खरीद पा रही थी।

इस स्थिति की जानकारी मिलते ही नीलम मेरौठिया ने महिला संगठन के साथ त्वरित पहल की और जरूरतमंद महिला को सिलाई मशीन उपलब्ध कराई, जिससे वह स्वरोजगार शुरू कर आत्मनिर्भर बन सके।

इस अवसर पर नीलम मेरौठिया के साथ सुनीता, पुष्पा अनिल शल्या, आशा शिवस्वरूप गुप्ता एवं रितु विनय गुप्ता भी उपस्थित रहीं। सभी ने महिला के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाज के जरूरतमंद लोगों की सहायता करना ही सच्ची सेवा है।