जन्मदिन पर पुरातन छात्रा ने बांटी नवोदय प्रवेश परीक्षा की पुस्तकें, बच्चों को किया प्रेरित

पत्रकार सुमित गर्ग,

खेरागढ़। प्राथमिक विद्यालय कछपुरा सरेंडा की पुरातन छात्रा आरती कुशवाहा ने अपने जन्मदिन को यादगार और प्रेरणादायी बनाते हुए विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा 5 के छात्र-छात्राओं को जवाहर नवोदय विद्यालय कक्षा 6 प्रवेश परीक्षा की तैयारी के लिए निःशुल्क अध्ययन सामग्री एवं पुस्तकें वितरित कीं।

कार्यक्रम अकादमिक रिसोर्स पर्सन सौरभ शर्मा की उपस्थिति में आयोजित किया गया। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अध्ययन करने तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि मेहनत और सही मार्गदर्शन से ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थी भी बड़ी सफलताएं प्राप्त कर सकते हैं।

इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया और आरती कुशवाहा के इस सराहनीय प्रयास की प्रशंसा की। जन्मदिन के अवसर पर उन्होंने बच्चों को लेखन सामग्री, चॉकलेट एवं बिस्कुट भी वितरित किए तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

विद्यालय परिवार ने इस पहल को पूर्व छात्रों और विद्यालय के बीच सहयोग एवं शैक्षिक दायित्व की उत्कृष्ट मिसाल बताया। कार्यवाहक प्रधानाध्यापक डॉ. सतीश कुमार, सहायक अध्यापक राकेश कुमार एवं मोहित वर्मा ने आरती कुशवाहा को जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

यह पहल शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए प्रेरित करने में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।