कांवड़ यात्रा-2026: अमरोहा सीएफओ के.के. ओझा ने सभी फायर स्टेशनों को किया अलर्ट

अमरोहा। कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल एवं सुरक्षित संपन्न कराने के लिए मुख्य अग्निशमन अधिकारी (सीएफओ) के.के. ओझा ने जिले के सभी अग्निशमन केंद्रों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 24 घंटे सतर्क रहकर किसी भी आपात स्थिति से तत्काल निपटने के लिए पूरी तैयारी बनाए रखने को कहा।

सीएफओ के.के. ओझा ने निर्देश दिए कि सभी फायर स्टेशन अपने वाहनों, अग्निशमन उपकरणों और संसाधनों को पूरी तरह क्रियाशील रखें। कांवड़ मार्गों, शिविरों, प्रमुख मंदिरों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा किसी भी आगजनी या आपदा की सूचना मिलने पर तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य किया जाए।

उन्होंने सभी अग्निशमन कर्मियों से समन्वय बनाकर कार्य करने, वायरलेस संचार व्यवस्था को सक्रिय रखने और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। साथ ही कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार रहने पर जोर दिया।

सीएफओ ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान अग्निशमन विभाग पूरी मुस्तैदी के साथ तैनात रहेगा, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके और किसी भी अप्रिय घटना पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।