एशियन अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप: कांस्य पदक विजेता शिवानी का अंबाला मंडल में भव्य सम्मान

अंबाला। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता में आयोजित एशियन अंडर-23 बॉक्सिंग चैंपियनशिप-2026 में 70 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर भारत, भारतीय रेल और अंबाला मंडल का गौरव बढ़ाने वाली सीसीटीसी बॉक्सर शिवानी का सोमवार को अंबाला मंडल में सम्मान किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक विनोद भाटिया और मंडल के स्पोर्ट्स ऑफिसर चंद्रकांत मोंगरे (वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता/टीआरडी) ने शिवानी को सम्मानित कर उनकी उपलब्धि पर बधाई दी।

इस अवसर पर डीआरएम विनोद भाटिया ने कहा कि शिवानी की कड़ी मेहनत, अनुशासन और समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिवानी भविष्य में भी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत और भारतीय रेल के लिए कई पदक जीतकर देश का नाम रोशन करेंगी।

स्पोर्ट्स ऑफिसर चंद्रकांत मोंगरे ने कहा कि अंबाला मंडल खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और हरसंभव प्रोत्साहन देने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि शिवानी जैसी खिलाड़ियों की उपलब्धियां पूरे मंडल के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय हैं।

सम्मान समारोह के दौरान शिवानी ने भारतीय रेल, अंबाला मंडल, अपने अधिकारियों, प्रशिक्षकों और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प दोहराया।

अंबाला मंडल के खेल परिवार ने शिवानी की इस अंतरराष्ट्रीय उपलब्धि पर उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे आने वाले समय में भी वैश्विक मंच पर भारत का तिरंगा गौरव के साथ लहराती रहेंगी।