बरेली में दो रात बंद रहेगा किला फाटक, रेलवे ने जारी की ट्रैफिक एडवाइजरी

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने इंजीनियरिंग अनुरक्षण कार्य के चलते इज्जतनगर?बरेली सिटी रेलखंड पर स्थित समपार संख्या 246/स्पेशल (किला फाटक) को दो रातों के लिए सड़क यातायात हेतु पूर्णतः बंद रखने का निर्णय लिया है।

रेलवे के अनुसार, 24 जुलाई 2026 की रात 10:00 बजे से 25 जुलाई की सुबह 6:00 बजे तक तथा 25 जुलाई की रात 10:00 बजे से 26 जुलाई की सुबह 6:00 बजे तक किला फाटक पर सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान रेलवे ट्रैक पर आवश्यक इंजीनियरिंग अनुरक्षण कार्य किया जाएगा।

रेल प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि बंदी अवधि के दौरान किला उपरिगामी पुल (ओवरब्रिज) तथा कटघर फाटक स्थित समपार संख्या 247/बी का वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग करें।

रेलवे ने कहा है कि यह कार्य रेल संरचना की सुरक्षा और सुचारु संचालन के लिए आवश्यक है। इस दौरान होने वाली असुविधा के लिए रेल प्रशासन ने खेद व्यक्त करते हुए नागरिकों से सहयोग की अपील की है।