गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो-2026 में उत्तर मध्य रेलवे का दमदार प्रदर्शन, आधुनिक तकनीक और यात्री सुविधाएं बनीं आकर्षण का केंद्र

राजधानी दिल्ली के प्रगति मैदान में 25 से 27 जुलाई तक आयोजित गवर्नमेंट अचीवमेंट्स एंड स्कीम्स एक्सपो-2026 में उत्तर मध्य रेलवे अपने आधुनिक तकनीकी नवाचारों, सुरक्षित रेल संचालन और यात्री-केंद्रित पहलों का प्रभावशाली प्रदर्शन कर रहा है। प्रदर्शनी में रेलवे के स्टॉल पर बड़ी संख्या में आगंतुक पहुंच रहे हैं और भारतीय रेल के बदलते स्वरूप को करीब से देख रहे हैं।

उत्तर मध्य रेलवे के स्टॉल पर 'कवच' स्वदेशी ट्रेन सुरक्षा प्रणाली, आधुनिक सिग्नलिंग तकनीक, मजबूत रेल अधोसंरचना, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत विकसित स्टेशनों, वंदे भारत और अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेनों के साथ यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही आधुनिक सुविधाओं को डिजिटल और आकर्षक माध्यमों से प्रदर्शित किया गया है।

प्रदर्शनी में प्रयागराज, आगरा और झांसी मंडलों की विशेष उपलब्धियों, प्रमुख रेल मार्गों, परिचालन क्षमता और विकास कार्यों की भी विस्तृत जानकारी दी जा रही है। इसके अलावा प्रयागराज, वाराणसी, मथुरा-वृंदावन, आगरा, ग्वालियर, झांसी, खजुराहो, चित्रकूट और ओरछा जैसे प्रमुख धार्मिक, ऐतिहासिक और पर्यटन स्थलों तक बेहतर रेल संपर्क और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया है।

यह प्रदर्शनी आम नागरिकों, विद्यार्थियों, शोधार्थियों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों को भारतीय रेल की आधुनिक तकनीक, तेज़ी से हो रहे विकास और जनसेवा के प्रति उसकी प्रतिबद्धता को नजदीक से जानने का अवसर प्रदान कर रही है। उत्तर मध्य रेलवे का स्टॉल आधुनिक, सुरक्षित और यात्री-केंद्रित भारतीय रेल की नई पहचान को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित कर रहा है।