निकाय अध्यक्ष ने अलीगंज स्टेशन रोड को लेकर डीएम से की मुलाकात

ज्ञापन सौंपकर मार्ग निर्माण की मांग रखी

ऊंचाहार,रायबरेली।नगर से जुड़ी एनटीपीसी रोड से अलीगंज होते हुए रेलवे स्टेशन को जाने वाला करीब 500 मीटर मार्ग इतना बदहाल है कि इस पर पैदल चलना मुश्किल है।इस मामले में तमाम लिखा पढ़ी के बाद नगर पंचायत अध्यक्ष ममता जायसवाल ने जिलाधिकारी सरनीत कौर से मुलाकात की और उन्हें मार्ग की दशा बताते हुए एक पत्र सौंपा है।निकाय अध्यक्ष ने शुक्रवार को अपने पति कृष्ण चंद जायसवाल के साथ जिलाधिकारी से मुलाकात की।उन्होंने डीएम को बताया कि ऊंचाहार एनटीपीसी मार्ग से अलीगंज मोहल्ला होते हुए रेलवे स्टेशन को जाने वाला मार्ग बहुत ही बदतर दशा में है।इस मार्ग से क्षेत्र के गांव बिकई,बभनपुर,मलकाना,सराय परसु और सलीमपुर भैरो आदि के लोग आवागमन करते है।खास बात यह है कि बड़ी आबादी वाले अलीगंज मुहल्ले के लोगों के आवागमन का यही एकमात्र मार्ग है।करीब एक दशक पहले इस मार्ग का निर्माण एनटीपीसी द्वारा सामुदायिक विकास कार्यक्रम के तहत कराया गया था।अब यह मार्ग पूरी तरह ध्वस्त हो गया है।इस बारे में नगर पंचायत अध्यक्ष ने कई बार पत्राचार किया किंतु आजतक मार्ग की दशा सुधारने का काम नहीं हुआ है।निकाय अध्यक्ष ने जिलाधिकारी से मांग की है कि तत्काल मार्ग का निर्माण करके लोगों को राहत दी जाए।जिलाधिकारी ने इसमें कार्रवाई का आश्वासन दिया है।