दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे में क्षेत्रीय रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2026 संपन्न, विजेता करेंगे अखिल भारतीय स्तर पर प्रतिनिधित्व

बिलासपुर। सरकारी कार्यालयों में राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार को बढ़ावा देने और कर्मचारियों में हिंदी के प्रति रुचि विकसित करने के उद्देश्य से दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के जोनल मुख्यालय, बिलासपुर में क्षेत्रीय रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2026 का सफल आयोजन किया गया।

जोनल सभाकक्ष में आयोजित इस प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य राजभाषा अधिकारी एवं प्रधान वित्त सलाहकार मोहम्मद जावेद मज़हर के मुख्य आतिथ्य में हुआ। प्रतियोगिता में जोनल मुख्यालय बिलासपुर, नागपुर मंडल, वैगन रिपेयर शॉप रायपुर और मोतीबाग कारखाना नागपुर के 14 अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भाग लिया।

रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों से सामान्य ज्ञान, हिंदी भाषा एवं साहित्य, राजभाषा और रेलवे से संबंधित बहुविकल्पीय प्रश्न कुल छह चरणों में पूछे गए। प्रतिभागियों ने ज्ञान, त्वरित निर्णय क्षमता और प्रतिस्पर्धात्मक भावना का शानदार प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता में मोतीबाग कारखाना, नागपुर के शुभम सनोडिया ने प्रथम स्थान, वैगन रिपेयर शॉप, रायपुर के चंद्रहास सिंह क्षत्री ने द्वितीय स्थान और मुख्यालय, बिलासपुर के भूपेन्द्र कुमार ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

रेलवे प्रशासन ने बताया कि तीनों विजेता अब रेलवे बोर्ड, रेल मंत्रालय द्वारा आयोजित अखिल भारतीय रेल हिंदी प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता-2026 में दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे का प्रतिनिधित्व करेंगे।

कार्यक्रम का संचालन राजभाषा अधिकारी (मुख्यालय) पीताम्बर लाल जाटवर ने किया। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में राजभाषा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि इस तरह के आयोजन राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ-साथ कर्मचारियों के ज्ञान और कार्यकुशलता को भी नई दिशा प्रदान करते हैं।