रेलवे इंजीनियरिंग कर्मचारियों को मिला आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण, सुरक्षा और गुणवत्ता पर विशेष जोर

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल में कर्मचारियों की कार्यकुशलता और यात्री सेवाओं की गुणवत्ता बढ़ाने के उद्देश्य से चल रहे विशेष प्रशिक्षण अभियान के दूसरे दिन शुक्रवार को इंजीनियरिंग शाखा के कर्मचारियों को आधुनिक तकनीकी प्रशिक्षण दिया गया।

मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी के निर्देशन में डीआरएम कार्यालय स्थित डेवलपमेंट सेंटर में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में बताया गया कि यह अभियान 14 अगस्त तक चलेगा, जिसमें विभिन्न विभागों के कर्मचारियों को चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य कर्मचारियों के तकनीकी ज्ञान, सुरक्षा जागरूकता, कार्यकुशलता और सेवा गुणवत्ता में सुधार करना है।

प्रशिक्षण सत्र में वरिष्ठ मंडल इंजीनियर तरुण बीका ने ट्रैक अनुरक्षण की नवीन तकनीकों, सुरक्षा मानकों, गुणवत्ता नियंत्रण और कार्यस्थल पर बेहतर समन्वय जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अद्यतन तकनीकी ज्ञान और निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन सुरक्षित एवं निर्बाध रेल संचालन की मजबूत नींव है।

इस दौरान रेल पथ निरीक्षक अशोक कुमार ने भी इंजीनियरिंग कार्यों से जुड़े विभिन्न तकनीकी पहलुओं पर कर्मचारियों को आवश्यक जानकारी दी। प्रशिक्षण में कर्मचारियों को आधुनिक कार्यप्रणाली अपनाने, सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन करने और टीमवर्क के माध्यम से बेहतर परिणाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

रेल प्रशासन के अनुसार, प्रशिक्षण अभियान के आगामी चरणों में मंडल के अन्य विभागों के कर्मचारियों को भी विषय विशेषज्ञों द्वारा प्रशिक्षित किया जाएगा, ताकि रेलवे सेवाओं को और अधिक सुरक्षित, प्रभावी एवं जनोन्मुखी बनाया जा सके।