कश्मीर में फंसे यात्रियों के लिए उत्तर रेलवे बना सहारा, श्रीनगर से कटरा तक चलाई विशेष ट्रेन

जम्मू। कश्मीर घाटी में लगातार बारिश और राष्ट्रीय राजमार्ग पर धीमे यातायात के बीच उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए एक सराहनीय पहल की है। घाटी में फंसे यात्रियों को राहत पहुंचाने के लिए 23 जुलाई को श्रीनगर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक एक विशेष ट्रेन का सफलतापूर्वक संचालन किया गया।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल के निर्देश पर चलाई गई यह विशेष ट्रेन शाम 5:10 बजे श्रीनगर से रवाना हुई और बनिहाल में ठहराव के बाद रात्रि 8:15 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटरा पहुंची। इस विशेष सेवा का लाभ 600 से अधिक यात्रियों ने उठाया।

रेलवे की इस त्वरित पहल से उन यात्रियों को बड़ी राहत मिली, जिन्हें कटरा और जम्मू तवी से आगे की ट्रेनें पकड़नी थीं। विशेष ट्रेन के संचालन से यात्रियों को सुरक्षित, आरामदायक और समयबद्ध यात्रा का अवसर मिला।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा रेलवे की सर्वोच्च प्राथमिकता है। खराब मौसम और सड़क यातायात प्रभावित होने की स्थिति में यात्रियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसलिए तुरंत निर्णय लेकर यह विशेष ट्रेन चलाई गई।

उत्तर रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पहले एनटीईएस ऐप, आईआरसीटीसी वेबसाइट या रेलवे हेल्पलाइन 139 के माध्यम से ट्रेन की नवीनतम जानकारी प्राप्त करने की भी अपील की है।

उत्तर रेलवे की यह पहल एक बार फिर साबित करती है कि विपरीत परिस्थितियों में भी भारतीय रेलवे यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और सेवा के लिए पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रहा है।