भारतीय रेलवे में मिशन मोड भर्ती से रोजगार को मिली रफ्तार, जून 2026 तक 5.56 लाख से अधिक नियुक्तियां

बिलासपुर। भारतीय रेलवे ने मिशन मोड में भर्ती अभियान चलाकर अपने कार्यबल को लगातार मजबूत किया है। वर्ष 2014 से जून 2026 तक रेलवे में 5.56 लाख से अधिक भर्तियां पूरी की जा चुकी हैं। वहीं वर्ष 2024, 2025 और 2026 के वार्षिक भर्ती कैलेंडर के तहत 1.61 लाख से अधिक रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया तेज़ी से जारी है।

रेल मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2004-05 से 2013-14 के बीच रेलवे में 4.11 लाख भर्तियां हुई थीं, जबकि वर्ष 2014-15 से 2025-26 के दौरान यह संख्या बढ़कर 5.53 लाख हो गई। इसके अलावा वित्त वर्ष 2026-27 में 30 जून 2026 तक 3,396 उम्मीदवारों का चयन भी किया जा चुका है।

रेल मंत्रालय ने भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए वर्ष 2024 से वार्षिक भर्ती कैलेंडर लागू किया है। इससे अभ्यर्थियों को हर वर्ष नियमित अवसर मिलने, परीक्षाओं की निश्चितता, भर्ती प्रक्रिया में तेजी तथा नियुक्तियों में पारदर्शिता सुनिश्चित हुई है।

रेलवे भर्ती बोर्ड (आरआरबी) द्वारा सहायक लोको पायलट (एएलपी), तकनीशियन, जूनियर इंजीनियर, एनटीपीसी, लेवल-1, आरपीएफ, पैरामेडिकल और अन्य विभिन्न श्रेणियों की परीक्षाओं में करोड़ों अभ्यर्थियों ने भाग लिया। रेलवे ने बताया कि पूरी भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई और किसी भी परीक्षा में पेपर लीक या अन्य गड़बड़ी का कोई मामला सामने नहीं आया।

वर्तमान में 1,61,889 गैर-राजपत्रित पदों पर भर्ती प्रक्रिया जारी है। इनमें वर्ष 2024 के तहत 92,116 पद, वर्ष 2025 के तहत 51,970 पद तथा वर्ष 2026 के तहत 17,803 पदों के लिए अधिसूचनाएं जारी की जा चुकी हैं। कई पदों की सीबीटी, सीबीएटी और कौशल परीक्षाएं सफलतापूर्वक पूरी हो चुकी हैं, जबकि शेष चयन प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी है।

केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने लोकसभा में जानकारी देते हुए कहा कि भारतीय रेलवे परिचालन और तकनीकी आवश्यकताओं के अनुरूप नियमित रूप से रिक्त पदों को भर रहा है। मिशन मोड भर्ती अभियान के माध्यम से रेलवे में योग्य युवाओं को बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे रेलवे का कार्यबल और अधिक सशक्त हो रहा है।