प्रधानमंत्री ने देश को समर्पित किए 75 अमृत भारत स्टेशन, छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश के 6 स्टेशन भी शामिल

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों को राष्ट्र को समर्पित किया। इन स्टेशनों का उद्घाटन 17 जुलाई 2026 को किया गया। इससे पहले 22 मई 2025 को प्रधानमंत्री ने 103 अमृत भारत स्टेशनों का लोकार्पण किया था।

करीब 1,570 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इन 75 स्टेशनों को आधुनिक यात्री सुविधाओं, बेहतर संपर्क, दिव्यांगजन-अनुकूल व्यवस्थाओं और स्थानीय सांस्कृतिक पहचान के अनुरूप तैयार किया गया है। ये स्टेशन देश के 20 राज्यों में स्थित हैं और इन्हें आधुनिक ट्रांजिट हब के रूप में विकसित किया गया है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के अंतर्गत छत्तीसगढ़ के सरोना, बालोद और चांपा जंक्शन तथा मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा, नैनपुर जंक्शन और बालाघाट स्टेशन भी इस सूची में शामिल हैं। इन स्टेशनों के पुनर्विकास में स्थानीय कला, जनजातीय संस्कृति, कृषि विरासत, बुनाई परंपरा और ऐतिहासिक रेलवे पहचान को विशेष रूप से उभारा गया है।

रेल मंत्रालय द्वारा दिसंबर 2022 में शुरू की गई अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत अब तक 261 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास पूरा हो चुका है, जबकि देशभर के 1,340 स्टेशनों को चरणबद्ध तरीके से आधुनिक बनाया जा रहा है।

योजना के तहत स्टेशनों पर आधुनिक भवन, विशाल प्रतीक्षालय, चौड़े फुटओवर ब्रिज, एयर कॉनकोर्स, बेहतर पार्किंग, दिव्यांगजन-अनुकूल सुविधाएं, आधुनिक सूचना प्रणाली, लिफ्ट, एस्केलेटर और शहर से जुड़ी टिकाऊ डिज़ाइन जैसी सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। रेलवे का उद्देश्य स्टेशनों को केवल यात्रा का केंद्र नहीं, बल्कि आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक स्थान के रूप में विकसित करना है।