डीएम की अध्यक्षता में जिला वृक्षारोपण,पर्यावरण व गंगा समिति की बैठक सम्पन्न

जियो टैगिंग, संरक्षण और शत-प्रतिशत सर्वाइवल पर दिया जोर

रायबरेलीजिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला वृक्षारोपण समिति, जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति की बैठक सम्पन्न हुई।बैठक में वृक्षारोपण महाअभियान की प्रगति,पौधों के संरक्षण,पर्यावरण संरक्षण तथा गंगा एवं हरित विकास से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि वृक्षारोपण अभियान के अंतर्गत लगाए गए प्रत्येक पौधे की जियो टैगिंग समयबद्ध रूप से पूर्ण कराई जाए, ताकि पौधों की वास्तविक स्थिति एवं उनकी निगरानी प्रभावी ढंग से की जा सके।उन्होंने कहा कि वृक्षारोपण का उद्देश्य केवल पौधे लगाना नहीं,बल्कि उनका संरक्षण,संवर्धन एवं दीर्घकालिक रखरखाव सुनिश्चित करना है।जिलाधिकारी ने सभी संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि जिन स्थलों पर वृक्षारोपण किया गया है, वहां सिंचाई,सुरक्षा व्यवस्था,पौधों की देखरेख एवं साइट का समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग अपने रोपित पौधों की समय-समय पर समीक्षा करे तथा उनकी जीवित रहने की स्थिति पर विशेष निगरानी रखे।उन्होंने निर्देश दिए कि अभियान के दौरान लगाए गए जिन पौधों का सर्वाइवल नहीं हो पाया है,उन्हें तत्काल प्रतिस्थापित (रिप्लेस) किया जाए,ताकि निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप हरित आवरण को बढ़ाने का उद्देश्य पूर्ण हो सके।साथ ही पौधों की सुरक्षा के लिए आवश्यक ट्री गार्ड एवं अन्य संरक्षण उपाय भी सुनिश्चित किए जाएं।बैठक में जिला गंगा समिति एवं जिला पर्यावरण समिति के अंतर्गत संचालित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, जल स्रोतों के संरक्षण तथा जनसहभागिता के माध्यम से हरित एवं स्वच्छ वातावरण विकसित करने पर विशेष बल दिया।उन्होंने अधिकारियों से कहा कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियानों को जनआंदोलन का स्वरूप दें।बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अंजुलता,डीएफओ प्रखर मिश्र,अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) सिद्धार्थ,उप जिलाधिकारी सदर गौतम सिंह, उपायुक्त श्रम एवं रोजगार प्रमोद सिंह,उप निदेशक कृषि हिमांशु पाण्डेय,अधिशासी अधिकारी नगर पालिका स्वर्ण सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी विनय सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।