श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने जरूरतमंद विद्यार्थियों और उभरते खिलाड़ियों को दिया प्रोत्साहन

कटरा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड (एसएमवीडीएसबी) ने सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को आगे बढ़ाते हुए कटरा के कड़मल स्थित दिशा छात्रावास में रह रहे आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के 40 विद्यार्थियों को खेल सामग्री और खेल परिधान वितरित किए। यह छात्रावास सेवा भारती, जम्मू-कश्मीर द्वारा संचालित किया जाता है, जहां जरूरतमंद बच्चों को शिक्षा, आवास और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाती हैं।

श्राइन बोर्ड की ओर से अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी आलोक कुमार मौर्य और अन्य अधिकारियों ने विद्यार्थियों को वॉलीबॉल नेट व बॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन रैकेट, शटल कॉक, टेबल टेनिस रैकेट, नेट व बॉल, क्रिकेट बैट, कैरम बोर्ड, शतरंज सेट के साथ-साथ 40 जोड़ी स्पोर्ट्स शूज और ट्रैकसूट प्रदान किए।

श्राइन बोर्ड के अध्यक्ष एवं जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा के नेतृत्व में यह पहल शिक्षा के साथ-साथ खेलों को बढ़ावा देने, अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने के उद्देश्य से की गई है। बोर्ड लगातार शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक विकास से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यों को आगे बढ़ा रहा है।

इसी क्रम में श्री माता वैष्णो देवी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कटरा के 10 उभरते खिलाड़ियों को भी उच्च गुणवत्ता वाले स्पोर्ट्स शूज वितरित किए गए, ताकि उन्हें बेहतर प्रशिक्षण और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध हो सकें।

इस अवसर पर खेल निदेशक ध्रुव गुप्ता, सहायक वन संरक्षक विनय खजूरिया, श्राइन बोर्ड के अन्य अधिकारी, सेवा भारती के प्रतिनिधि तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। यह पहल समाज के वंचित वर्ग के बच्चों और युवा खिलाड़ियों के समग्र विकास के प्रति श्राइन बोर्ड की प्रतिबद्धता का सशक्त उदाहरण है।