जम्मू रेलवे स्टेशन पर फोर्ट्रेस चेक अभियान सफल, 32 बिना टिकट यात्री पकड़े, 23,630 रुपये जुर्माना वसूला

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल ने रेलवे राजस्व की सुरक्षा और यात्रियों को सुरक्षित व सुगम यात्रा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जम्मू रेलवे स्टेशन पर विशेष फोर्ट्रेस चेक अभियान चलाया। अभियान के दौरान टिकट चेकिंग स्टाफ, आरपीएफ, जीआरपी और स्काउट एंड गाइड्स की संयुक्त टीम ने स्टेशन के प्रवेश व निकास द्वारों, प्लेटफॉर्म, फुटओवर ब्रिज और ट्रेनों में सघन जांच की।

जांच के दौरान 32 बिना टिकट एवं अनियमित यात्रा के मामले पकड़े गए और नियमानुसार 23,630 रुपये का जुर्माना वसूला गया। साथ ही यात्रियों को भविष्य में वैध टिकट लेकर यात्रा करने की सलाह दी गई।

वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक उचित सिंघल ने कहा कि जम्मू मंडल का उद्देश्य केवल राजस्व की सुरक्षा ही नहीं, बल्कि वैध टिकट वाले यात्रियों को बेहतर, सुरक्षित और आरामदायक यात्रा उपलब्ध कराना भी है। उन्होंने यात्रियों से अपील की कि वे रेलवे काउंटर या यूटीएस ऐप से टिकट लेकर ही यात्रा करें।

रेल प्रशासन ने बताया कि ऐसे विशेष जांच अभियान आगे भी नियमित रूप से जारी रहेंगे, जिससे बिना टिकट यात्रा पर प्रभावी रोक लगेगी, रेलवे का राजस्व सुरक्षित रहेगा और यात्रियों को बेहतर सुविधाओं के साथ अनुशासित एवं सुरक्षित यात्रा का लाभ मिलता रहेगा।