5 अगस्त से नियमित चलेगी रामनगर–देहरादून द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस, काठगोदाम–देहरादून एक्सप्रेस के संचालन दिवस भी बदले

गोरखपुर। यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर रेलवे ने 15310/15309 रामनगर-देहरादून-रामनगर द्वि-साप्ताहिक एक्सप्रेस का नियमित संचालन 5 अगस्त 2026 से शुरू करने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन अब प्रत्येक बुधवार और शुक्रवार को नियमित रूप से चलेगी।

रेलवे प्रशासन के अनुसार, 15310 रामनगर-देहरादून एक्सप्रेस रामनगर से सुबह 5:50 बजे रवाना होकर काशीपुर, रोशनपुर, पीपलसाना, मुरादाबाद, नजीबाबाद और हरिद्वार होते हुए दोपहर 12:40 बजे देहरादून पहुंचेगी।

वहीं, 15309 देहरादून-रामनगर एक्सप्रेस देहरादून से दोपहर 3:55 बजे प्रस्थान कर हरिद्वार, नजीबाबाद, मुरादाबाद, पीपलसाना, रोशनपुर और काशीपुर होते हुए रात 11:30 बजे रामनगर पहुंचेगी।

रेलवे ने बताया कि इस ट्रेन में यात्रियों की सुविधा के लिए कुल 16 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें सामान्य द्वितीय श्रेणी, शयनयान, वातानुकूलित द्वितीय एवं तृतीय श्रेणी, वातानुकूलित कुर्सीयान, सामान्य द्वितीय श्रेणी कुर्सीयान तथा लगेज व जनरेटर कोच शामिल होंगे।

इसके अलावा 12092/12091 काठगोदाम-देहरादून-काठगोदाम एक्सप्रेस के संचालन दिवस में भी संशोधन किया गया है। 3 अगस्त 2026 से यह ट्रेन सोमवार, मंगलवार, बृहस्पतिवार, शनिवार और रविवार को अपने पूर्व निर्धारित समय, मार्ग और रेक संरचना के अनुसार संचालित होगी।

रेलवे का कहना है कि इस बदलाव से उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक सुविधाजनक और नियमित रेल सेवा उपलब्ध होगी।