'स्वच्छता से स्वागत' अभियान: इज्जतनगर मंडल में स्टेशनों से लेकर ट्रेनों तक चला विशेष सफाई अभियान

बरेली। रेलवे बोर्ड के निर्देशानुसार पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल में "स्वच्छता से स्वागत" अभियान के तहत व्यापक स्वच्छता एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मंडल रेल प्रबंधक सुश्री वीणा सिन्हा के मार्गदर्शन में चलाए गए इस अभियान का उद्देश्य रेलवे परिसरों को स्वच्छ बनाने के साथ यात्रियों और आमजन में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा।

अभियान के दौरान इज्जतनगर, बरेली सिटी, काठगोदाम, हल्द्वानी, लालकुआँ, रुद्रपुर सिटी, काशीपुर, रामनगर, टनकपुर, कासगंज, हाथरस, फर्रुखाबाद, कन्नौज और पीलीभीत सहित मंडल के विभिन्न स्टेशनों पर विशेष साफ-सफाई अभियान चलाया गया। रेलवे स्टेशनों, कार्यालयों, रेलवे कॉलोनियों, अनुरक्षण डिपो, रनिंग रूम, रेलवे चिकित्सालयों और हेल्थ यूनिटों में गहन सफाई सुनिश्चित की गई।

यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को सूखे एवं गीले कचरे के पृथक्करण, निर्धारित डस्टबिनों के उपयोग तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए जागरूक किया गया। अभियान के तहत नुक्कड़ नाटक, स्वच्छता रैलियां, पोस्टर, बैनर, डिजिटल संदेशों और जन-जागरूकता कार्यक्रमों के माध्यम से स्वच्छता का संदेश व्यापक स्तर पर पहुंचाया गया।

रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में स्वच्छता संबंधी जिंगल और उद्घोषणाएं भी प्रसारित की गईं। वहीं सोशल मीडिया के माध्यम से अभियान का व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया। ईएनएचएम स्टाफ, ऑनबोर्ड हाउसकीपिंग एवं लिनेन वितरण कर्मचारियों ने यात्रियों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया तथा स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण लिनेन उपलब्ध कराने के साथ यात्रियों के सुझावों के आधार पर सेवाओं में लगातार सुधार करने पर भी जोर दिया।

इसके अलावा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए स्थानीय निकायों एवं अधिकृत एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया। रेलवे प्रशासन ने कहा कि रेल कर्मचारियों, सफाई मित्रों और स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान सफलतापूर्वक संचालित किया जा रहा है।

इज्जतनगर मंडल ने दोहराया कि यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल वातावरण उपलब्ध कराना उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है तथा "स्वच्छता से स्वागत" अभियान इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।