जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वास्थ्य कर्मी हुए सम्मानित

मुरादाबाद। कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. राजेंद्र पैंसिया की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति (गवर्निंग बोर्ड) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न स्वास्थ्य योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह सहित स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना की प्रगति पर विशेष चर्चा हुई। अधिकारियों को अधिक से अधिक पात्र परिवारों के आयुष्मान कार्ड बनाने, शत-प्रतिशत आभा आईडी तैयार कराने, नियमित टीकाकरण, संस्थागत प्रसव, परिवार नियोजन, एनसीडी स्क्रीनिंग सहित अन्य स्वास्थ्य कार्यक्रमों के निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए गए। बताया गया कि आयुष्मान भारत योजना के क्रियान्वयन में मुरादाबाद जनपद ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है।

इसके अलावा बैठक में सरकारी चिकित्सालयों में दवाओं की उपलब्धता, ओपीडी एवं आईपीडी सेवाओं, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, सुरक्षित मातृत्व अभियान, जननी सुरक्षा योजना, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम, राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम, ई-संजीवनी, आरसीएच पोर्टल, एनक्यूएएस सेवाओं तथा गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाओं की भी विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय कार्य करने वाले 15 एएनएम एवं आशा कार्यकर्ताओं को संस्थागत प्रसव, आभा आईडी निर्माण, नियमित टीकाकरण, एनसीडी स्क्रीनिंग तथा आयुष्मान कार्ड निर्माण में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। जिलाधिकारी ने सम्मानित स्वास्थ्य कर्मियों की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयास जनपद की स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं और वे अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने सभी अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप स्वास्थ्य योजनाओं के लक्ष्यों को समय से पूरा करने तथा आमजन को गुणवत्तापूर्ण, सुलभ और प्रभावी स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलदीप सिंह ने सभी कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा करते हुए कमियों को दूर करने और स्वास्थ्य सेवाओं के सभी मानकों में निरंतर सुधार लाने का आह्वान किया।