बारिश ने बदला मौसम का मिजाज, श्रद्धालुओं को मिली राहत डेढ़ घंटे में बहाल हुआ बैटरी कार मार्ग, माता वैष्णो देवी की यात्रा सुचारू

कटड़ा। धर्मनगरी कटड़ा और मां वैष्णो देवी भवन मार्ग पर शुक्रवार तड़के हुई बारिश से मौसम सुहावना हो गया। गर्मी और उमस से श्रद्धालुओं को काफी राहत मिली। ठंडी हवाओं और बादलों के बीच श्रद्धालु उत्साह के साथ माता वैष्णो देवी के दर्शन के लिए भवन की ओर रवाना होते रहे।

बारिश के दौरान सत्य भोजनालय क्षेत्र के पास पहाड़ी से कंकड़-पत्थर गिरने के कारण बैटरी कार मार्ग को एहतियातन सुबह करीब साढ़े छह बजे अस्थायी रूप से बंद कर दिया गया। बारिश थमते ही श्राइन बोर्ड के सफाई कर्मचारियों, आपदा प्रबंधन दल और अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी मशीनों की मदद से मलबा हटाने का काम शुरू किया। करीब डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद सुबह आठ बजे मार्ग को पूरी तरह साफ कर श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया गया। इसके साथ ही बैटरी कार सेवा भी दोबारा शुरू कर दी गई।

पारंपरिक यात्रा मार्ग पूरे दिन सुचारू रहा और यात्रा में किसी प्रकार का व्यवधान नहीं आया। हालांकि मौसम की प्रतिकूल परिस्थितियों के चलते कटड़ा से सांझी छत के बीच हेलिकॉप्टर सेवा प्रभावित रही। इसके चलते श्रद्धालु पैदल, घोड़ा, पिट्ठू और पालकी के माध्यम से भवन की ओर रवाना हुए।

रखरखाव कार्य के चलते भवन और भैरव घाटी के बीच रोपवे केबल कार सेवा फिलहाल बंद है। श्रद्धालु पैदल और अन्य पारंपरिक साधनों से बाबा भैरवनाथ के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए श्राइन बोर्ड प्रशासन, पुलिस, सीआरपीएफ, आपदा प्रबंधन दल और सहायता मित्रों की टीमें यात्रा मार्ग पर लगातार निगरानी रख रही हैं। सुहावने मौसम के बीच श्रद्धालु आरएफआईडी यात्रा कार्ड प्राप्त कर परिवार और मित्रों के साथ माता के दरबार की ओर बढ़ते रहे।

16 जुलाई को 31,300 श्रद्धालुओं ने माता वैष्णो देवी के दरबार में हाजिरी लगाई थी। वहीं शुक्रवार शाम पांच बजे तक करीब 23 हजार श्रद्धालु पंजीकरण कराकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। फिलहाल माता वैष्णो देवी की यात्रा पूरी तरह सुचारू बनी हुई है।