जिला प्रशासन और बिजली विभाग की बड़ी कार्रवाई: 32 स्थानों पर बिजली चोरी पकड़ी, 18 लाख रुपये का जुर्माना

मुरादाबाद। जिला प्रशासन के सहयोग से शनिवार तड़के सुबह 4 बजे से मुरादाबाद में व्यापक "विद्युत चोरी रोको अभियान" चलाया गया। अभियान का उद्देश्य बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाना और ईमानदार उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करना था।

जिला प्रशासन एवं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंताओं के नेतृत्व में गठित विशेष टीमों ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों के संवेदनशील इलाकों में औचक निरीक्षण कर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान वारसीनगर, जामा मस्जिद के आसपास के क्षेत्र तथा बिलारी के सहसपुर में कुल 32 घरों में मीटर बाईपास और सीधे हुकिंग कर बिजली चोरी करते हुए लोगों को पकड़ा गया।

विद्युत विभाग ने सभी आरोपियों के खिलाफ विद्युत अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत थाना विद्युत चोरी निरोधक, मुरादाबाद में तत्काल एफआईआर दर्ज कराई है।

विभाग के अनुसार पकड़े गए मामलों में करीब 61 किलोवाट विद्युत भार की चोरी सामने आई है। इसके आधार पर लगभग 18 लाख रुपये का राजस्व निर्धारण और शमन शुल्क लगाया गया है, जिसकी वसूली के लिए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

अधिशासी अभियंता हर्ष राज रस्तोगी ने बताया कि जिला प्रशासन और विद्युत विभाग की यह संयुक्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिजली चोरी एक गंभीर अपराध है, जिससे सरकारी राजस्व का नुकसान होता है और विद्युत व्यवस्था पर अतिरिक्त भार पड़ता है। इसलिए सभी उपभोक्ता वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही बिजली का उपयोग करें और जिम्मेदार नागरिक होने का परिचय दें।