मुरादाबाद में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, बिरयानी और पनीर के नमूने जांच के लिए भेजे

मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सघन जांच अभियान चलाया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य)-II राजवंश प्रकाश श्रीवास्तव के नेतृत्व में विभिन्न प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।

अभियान के दौरान बरवाला स्थित राशिद बिरयानी की दुकान का निरीक्षण कर बिरयानी का नमूना खाद्य विश्लेषण के लिए संग्रहित किया गया। वहीं ठाकुरद्वारा क्षेत्र में खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार सिंह ने पनीर का नमूना लेकर प्रयोगशाला भेजा।

विभाग ने बताया कि प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट आने के बाद यदि कोई नमूना खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया तो संबंधित खाद्य व्यवसायी के खिलाफ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य सुरक्षा विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे केवल स्वच्छ एवं मानकयुक्त खाद्य पदार्थों का ही उपयोग करें तथा खाद्य मिलावट की जानकारी विभाग को दें। विभाग ने स्पष्ट किया कि जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।