मुरादाबाद में मोबाइल फूड सेफ्टी वैन का अभियान, 20 खाद्य नमूनों की जांच में हल्दी का एक नमूना फेल

मुरादाबाद। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को मुरादाबाद के पंडित नगला बाईपास और करुला क्षेत्र में मोबाइल फूड सेफ्टी वैन (एमएफएसडब्ल्यू) के माध्यम से खाद्य सुरक्षा जागरूकता, प्रशिक्षण और त्वरित खाद्य परीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान 20 खाद्य नमूनों की जांच की गई, जिनमें हल्दी का एक नमूना निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाया गया।

सहायक आयुक्त (खाद्य)-II, मुरादाबाद के नेतृत्व में संचालित इस अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राम किशोर मौजूद रहे। विभाग ने संबंधित खाद्य कारोबार संचालक को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई के निर्देश दिए।

अभियान के दौरान 27 खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता संबंधी प्रशिक्षण भी दिया गया। उन्हें केवल एफएसएसएआई लाइसेंस प्राप्त खाद्य सामग्री का उपयोग करने, खाद्य पदार्थों में सिंथेटिक रंगों का प्रयोग नहीं करने, रसोई और खाद्य निर्माण स्थल पर स्वच्छता बनाए रखने तथा हेड कैप, फेस मास्क, एप्रन और हैंड ग्लव्स का अनिवार्य रूप से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।

इसके अलावा कच्चे एवं तैयार खाद्य पदार्थों को ढककर रखने और प्रतिष्ठान पर एफएसएसएआई लाइसेंस प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए गए। विभाग ने खाद्य कारोबारियों से सुरक्षित, स्वच्छ और गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करने की अपील की।