मुरादाबाद में बिजली चोरों पर बड़ी कार्रवाई, 72 घरों में पकड़ी गई बिजली चोरी

मुरादाबाद। जिला प्रशासन और विद्युत विभाग की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार तड़के चलाए गए विशेष "बिजली चोरी रोको अभियान" के तहत बिजली चोरों पर बड़ा शिकंजा कसा गया। सुबह 4 बजे से शुरू हुए इस व्यापक अभियान में शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में सघन जांच कर 72 घरों में बिजली चोरी पकड़ी गई।

विद्युत विभाग के अनुसार, पीर का बाजार और भोजपुर पीपलसाना क्षेत्र में जांच के दौरान कई उपभोक्ता सीधे हुकिंग और मीटर बाईपास कर बिजली का अवैध उपयोग करते मिले। सभी मामलों में विद्युत अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।

जांच में कुल 117 किलोवाट विद्युत भार की चोरी सामने आई, जिसके आधार पर करीब 38 लाख रुपये का राजस्व निर्धारण एवं शमन शुल्क लगाया गया है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि इस राशि की वसूली के लिए नियमानुसार आगे की कार्रवाई भी की जाएगी।

मुख्य अभियंता शशांक कुमार अग्रवाल ने बताया कि यह अभियान जिला प्रशासन और विद्युत विभाग के संयुक्त प्रयास से चलाया गया है, जिसका उद्देश्य बिजली चोरी पर प्रभावी रोक लगाना और ईमानदार उपभोक्ताओं को निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि भविष्य में भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि केवल वैध विद्युत कनेक्शन का ही उपयोग करें और बिजली चोरी जैसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सके।