चार्लापल्ली–दानापुर के बीच चलेगी विशेष ट्रेन, यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा

नागपुर। यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए दक्षिण मध्य रेलवे ने चार्लापल्ली?दानापुर?चार्लापल्ली के बीच विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह स्पेशल ट्रेन दोनों दिशाओं में दो-दो फेरे लगाएगी, जिससे तेलंगाना, महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 07091 चार्लापल्ली?दानापुर स्पेशल 18 और 25 जुलाई 2026 को चार्लापल्ली से दोपहर 1:00 बजे रवाना होकर काजीपेट, रामगुंडम, सिरपुर कागजनगर, बल्लारशाह, चांदा फोर्ट, गोंदिया, बालाघाट, नैनपुर, जबलपुर, कटनी, सतना, मानिकपुर, प्रयागराज छिवकी, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, बक्सर और आरा होते हुए अगले दिन रात 12:30 बजे दानापुर पहुंचेगी।

वहीं ट्रेन संख्या 07092 दानापुर?चार्लापल्ली स्पेशल 20 और 27 जुलाई 2026 को दानापुर से सुबह 3:00 बजे प्रस्थान कर आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, सतना, कटनी, जबलपुर, नैनपुर, बालाघाट, गोंदिया, चांदा फोर्ट, बल्लारशाह, सिरपुर कागजनगर, रामगुंडम और काजीपेट होते हुए अगले दिन सुबह 10:00 बजे चार्लापल्ली पहुंचेगी।

रेलवे ने बताया कि इस विशेष ट्रेन में कुल 24 कोच लगाए जाएंगे। इनमें 3 एसी द्वितीय श्रेणी, 5 एसी तृतीय श्रेणी, 10 शयनयान (स्लीपर), 4 सामान्य श्रेणी तथा 2 एसएलआर कोच शामिल होंगे।

रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले आरक्षण और समय-सारिणी की जानकारी प्राप्त करने तथा इस विशेष ट्रेन सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की है।