नागपुर मंडल ने 47 रेल कर्मचारियों को दी सम्मानजनक विदाई, 23 करोड़ 63 लाख रुपये से अधिक की सेटलमेंट राशि सौंपी

नागपुर मंडल ने 47 रेल कर्मचारियों को दी सम्मानजनक विदाई, 23 करोड़ 63 लाख रुपये से अधिक की सेटलमेंट राशि सौंपी

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के नागपुर मंडल में जून माह में सेवानिवृत्त हो रहे 47 रेल कर्मचारियों को सम्मानपूर्वक भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर सभी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति के दिन ही 23 करोड़ 63 लाख 50 हजार 256 रुपये की सेटलमेंट राशि प्रदान की गई।

30 जून 2026 को आयोजित समारोह की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को उनके लंबे सेवाकाल और रेलवे के प्रति योगदान के लिए धन्यवाद देते हुए स्वस्थ, सुखमय और दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएं दीं।

समारोह में कर्मचारियों को सेटलमेंट राशि के साथ परिचय पत्र, भविष्य निधि कार्ड, गणना पत्रक, सेवा प्रमाणपत्र, पेंशन भुगतान आदेश, सारांश पत्रक तथा सेवा पुस्तिका का प्रथम पृष्ठ भी प्रदान किया गया।

मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता ने कहा कि सेवा के दौरान जो सपने विभिन्न कारणों से अधूरे रह गए होंगे, उन्हें अब सेवानिवृत्ति के बाद प्राप्त इस राशि के उचित उपयोग से पूरा करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सभी कर्मचारी एवं उनके परिवार स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल जीवन व्यतीत करेंगे।

कार्यक्रम में वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी स्वेता एच. के. छोरिया, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक वैभव दहिवले तथा सहायक कार्मिक अधिकारी राजेश प्रसाद सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के दौरान साइबर विशेषज्ञ विवेकानंद विजय कुमार ने सेवानिवृत्त कर्मचारियों को बढ़ते साइबर अपराधों, ऑनलाइन ठगी, सुरक्षित डिजिटल लेनदेन और बैंकिंग सुरक्षा संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने सभी से डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्क और जागरूक रहने की अपील की।

नागपुर मंडल द्वारा सेवानिवृत्ति के दिन ही सभी कर्मचारियों को उनके समस्त वित्तीय लाभ उपलब्ध कराना रेलवे प्रशासन की संवेदनशील कार्यप्रणाली, पारदर्शिता और कर्मचारी हितों के प्रति प्रतिबद्धता का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है।