बरेली में अलखनाथ रेलवे फाटक दो रात रहेगा बंद, वैकल्पिक मार्ग से होगा आवागमन

बरेली। पूर्वोत्तर रेलवे के इज्जतनगर मंडल ने इज्जतनगर?बरेली सिटी रेलखंड पर स्थित समपार फाटक संख्या 245/बी (अलखनाथ) पर सावधिक अनुरक्षण एवं ओवरहॉलिंग कार्य के चलते दो दिनों तक रात के समय सड़क यातायात बंद रखने का निर्णय लिया है।

रेलवे प्रशासन के अनुसार यह फाटक 17 जुलाई की रात 10:00 बजे से 18 जुलाई की सुबह 6:00 बजे तक तथा 18 जुलाई की रात 10:00 बजे से 19 जुलाई की सुबह 6:00 बजे तक सड़क यातायात के लिए पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान फाटक पर मरम्मत और अनुरक्षण का कार्य किया जाएगा।

रेलवे ने बताया कि इस अवधि में वाहन चालक और आम नागरिक किला उपरिगामी पुल (ओवरब्रिज) तथा किला फाटक स्थित समपार संख्या 246 स्पेशल को वैकल्पिक मार्ग के रूप में उपयोग कर सकते हैं।

रेल प्रशासन ने लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि यह कार्य रेल एवं सड़क यातायात की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है। अस्थायी असुविधा के लिए रेलवे ने खेद भी व्यक्त किया है।