कलक्ट्रेट गेट पर दंपती ने बेटी संग की आत्मदाह की कोशिश, पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा

बरेली कलक्ट्रेट परिसर के मुख्य गेट पर गुरुवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक दंपती अपनी मासूम बेटी के साथ आत्मदाह करने पहुंच गया। मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों की सतर्कता और त्वरित कार्रवाई से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने समय रहते दंपती के हाथ से पेट्रोल की बोतल छीन ली और तीनों को सुरक्षित अपने कब्जे में लेकर जिला अस्पताल भेज दिया।जानकारी के अनुसार, मीरगंज थाना क्षेत्र के निवासी लाल सिंह अपनी पत्नी और बेटी के साथ सुबह करीब 11:45 बजे कलक्ट्रेट पहुंचे। आरोप है कि उन्होंने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का प्रयास किया। वहां ड्यूटी पर मौजूद इंटेलिजेंस शाखा के दरोगा और अन्य पुलिसकर्मियों ने स्थिति को भांपते हुए तुरंत हस्तक्षेप किया और आत्मदाह की कोशिश को विफल कर दिया। इससे दो दिन पहले भी एक महिला ने कलेक्ट्रेट पर आत्मदाह की कोशिश थी। मगर, पुलिस की सतर्कता से उसकी जान बच गई थी। 40 साल पुराने रास्ता विवाद से परेशान होने का दावा लाल सिंह का कहना है कि उनके घर के निकास (रास्ता) को लेकर पड़ोसियों से करीब 40 वर्षों से विवाद चला आ रहा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में कई बार थाना दिवस, संपूर्ण समाधान दिवस और विभिन्न प्रशासनिक अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकला। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मीरगंज एसडीएम कार्यालय में तैनात एक होमगार्ड लंबे समय से उन्हें परेशान कर रहा था। इसी से आहत होकर उन्होंने परिवार सहित आत्मदाह जैसा कदम उठाने का फैसला किया।पुलिस ने अस्पताल भेजा, जांच शुरू इस घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और दंपती व उनकी बेटी को जिला अस्पताल भेजा। यहां उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया। पुलिस ने पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवार द्वारा लगाए गए आरोपों की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की सतर्कता से बची तीन जिंदगियां यदि मौके पर तैनात पुलिसकर्मी समय रहते सक्रियता नहीं दिखाते, तो कलक्ट्रेट परिसर में बड़ा हादसा हो सकता था। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से न केवल दंपती बल्कि उनकी मासूम बेटी की जान भी बच गई। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहा है और विवाद के कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।