10 लाख रुपये से अधिक की राजस्व वसूली पर महेंद्र पंवार बने 'मैन ऑफ द मंथ'

जोधपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के जोधपुर मंडल के स्थापना अनुभाग में कार्यरत वरिष्ठ लेखाकार महेंद्र पंवार को उनकी उत्कृष्ट कार्यशैली और उल्लेखनीय योगदान के लिए 'मैन ऑफ द मंथ' सम्मान से नवाजा गया। बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक अनुराग त्रिपाठी ने उन्हें सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की और इसे अन्य कर्मचारियों के लिए प्रेरणादायक बताया।

महेंद्र पंवार ने एचआरएमएस पोर्टल पर मंडल के सभी राजपत्रित अधिकारियों के ई-सेवा रिकॉर्ड, ऑनलाइन अवकाश खाते और नामांकन अभिलेखों का अद्यतन कार्य अत्यंत सटीकता और समयबद्धता के साथ पूरा किया। इसके अलावा रिकॉर्ड की गहन संवीक्षा और सतत प्रयासों के माध्यम से उन्होंने पिछले वर्ष 10 लाख रुपये से अधिक की राजस्व वसूली सुनिश्चित कर रेलवे को महत्वपूर्ण वित्तीय लाभ दिलाया।

रेल प्रशासन ने उनके कार्य को दक्षता, पारदर्शिता और जिम्मेदारी का उत्कृष्ट उदाहरण बताते हुए कहा कि ऐसे कर्मचारी संगठन की कार्यक्षमता और वित्तीय अनुशासन को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

सम्मान समारोह के दौरान अपर मंडल रेल प्रबंधक करनी राम, वरिष्ठ मंडल वित्त प्रबंधक पी.एल. मीणा तथा वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी अभिषेक गांधी सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। महेंद्र पंवार की इस उपलब्धि पर मंडल के अधिकारियों और कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं।