उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय में आधुनिक बेसमेंट पार्किंग का शुभारंभ, 206 वाहनों की मिलेगी सुविधा

उत्तर पश्चिम रेलवे प्रधान कार्यालय में आधुनिक बेसमेंट पार्किंग का शुभारंभ, अधिकारियों-कर्मचारियों को मिलेगी बड़ी सुविधा के प्रधान कार्यालय में अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गुरुवार को नवनिर्मित चौपहिया वाहन पार्किंग (बेसमेंट पार्किंग-।।) का शुभारंभ किया गया। इस आधुनिक पार्किंग सुविधा का उद्घाटन उत्तर पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने किया।रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह नई पार्किंग सुविधा न केवल वाहनों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी, बल्कि प्रधान कार्यालय आने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों और आगंतुकों के लिए सुगम आवागमन का बेहतर विकल्प भी उपलब्ध कराएगी।उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि यह अत्याधुनिक पार्किंग लगभग 7,245 वर्ग मीटर क्षेत्रफल में विकसित की गई है, जिसमें एक समय में 206 कारों को पार्क करने की क्षमता है। वाहनों की सुचारु आवाजाही के लिए इसमें 5 मीटर चौड़े अलग-अलग प्रवेश और निकास रैंप बनाए गए हैं, जबकि पार्किंग परिसर के भीतर सुरक्षित आवागमन के लिए 6 से 7.5 मीटर चौड़ी ड्राइव लेन विकसित की गई है।मानसून या भारी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या से बचाव के लिए यहां उच्च क्षमता वाले पंप-आउट सिस्टम लगाए गए हैं। साथ ही पार्किंग क्षेत्र में वेंटिलेशन और वाहनों से निकलने वाले धुएं की निकासी के लिए 6 बड़े इंजीनियरिंग कटआउट भी तैयार किए गए हैं।अधिकारियों और कर्मचारियों की सुविधा के लिए इस परिसर में दो लिफ्ट और पांच सीढ़ियों का निर्माण किया गया है। इसके अलावा संचालन व्यवस्था को सुचारु रखने के लिए एक समर्पित विद्युत कक्ष तथा वाहन चालकों के लिए अलग चालक कक्ष भी बनाया गया है।भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए पार्किंग में इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर की व्यवस्था की गई है, वहीं दिव्यांगजनों की सुगम पहुंच के लिए विशेष स्थान भी निर्धारित किए गए हैं।इस अवसर पर उत्तर पश्चिम रेलवे के अपर महाप्रबंधक सहित प्रमुख विभागाध्यक्ष, वरिष्ठ अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।रेलवे प्रशासन का कहना है कि यह नई सुविधा आधुनिक रेलवे इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।