मुरादाबाद में होटल, बैंक्वेट हॉल और रेस्टोरेंट का फायर ऑडिट अभियान शुरू, 20 प्रतिष्ठानों की जांच

मुरादाबाद। जनपद में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से मंगलवार से विशेष फायर ऑडिट एवं अग्नि सुरक्षा जांच अभियान शुरू किया गया। यह अभियान 14 से 20 जुलाई तक चलाया जाएगा। अभियान अपर पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश अग्निशमन एवं आपात सेवाएं के निर्देश तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मुरादाबाद के आदेश पर संचालित किया जा रहा है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी डॉ राजीव कुमार पाण्डेय के निर्देशन में अग्निशमन अधिकारी ज्ञान प्रकाश शर्मा ने पहले दिन जिले के 20 होटल, रेस्टोरेंट, बैंक्वेट हॉल, मैरिज हॉल और रिसॉर्ट का फायर ऑडिट किया। जांच के दौरान अग्निशमन उपकरणों, टेरेस टैंक, डाउन कमर, होज रील, होज पाइप तथा आपातकालीन निकासी (इवेक्वेशन) व्यवस्था का निरीक्षण किया गया।

जिन प्रतिष्ठानों में अग्नि सुरक्षा मानकों में कमियां मिलीं, उन्हें नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। संचालकों और कर्मचारियों को सभी अग्नि सुरक्षा उपकरणों को हमेशा कार्यशील रखने, नियमित अनुरक्षण कराने तथा किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई और सुरक्षित निकासी सुनिश्चित करने के बारे में जानकारी दी गई।

अभियान के दौरान 85 लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक और प्रशिक्षित किया गया। साथ ही यह भी निर्देश दिए गए कि होटल, रेस्टोरेंट, पब्लिक क्लब, बार और बैंक्वेट हॉल से संबंधित कोई भी गतिविधि बेसमेंट में संचालित न की जाए।

अग्निशमन विभाग का यह अभियान जनपद में सार्वजनिक स्थलों पर सुरक्षा मानकों को मजबूत करने और संभावित अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।