साबरमती यार्ड में खाली कोच में आग, रेलवे ने अफवाहों से बचने की अपील की

अहमदाबाद। अहमदाबाद मंडल के साबरमती यार्ड में मंगलवार दोपहर करीब 11:55 बजे एक खाली रेल कोच में आग लगने की घटना हुई। रेलवे ने स्पष्ट किया है कि घटना से किसी यात्री को कोई नुकसान नहीं पहुंचा और रेल संचालन पूरी तरह सामान्य रहा। साथ ही लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की गई है।

रेलवे के अनुसार, पॉइंट्समैन धर्मवीर मेहता ने यार्ड में खड़े खाली कोच से धुआं उठता देखा और तत्काल इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दी। सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा सुरक्षा और आपातकालीन कार्रवाई शुरू कर दी।

रेलवे कर्मचारियों की त्वरित कार्रवाई से आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। घटना के समय संबंधित कोच पूरी तरह खाली था, इसलिए किसी भी यात्री पर इसका कोई प्रभाव नहीं पड़ा।

रेल प्रशासन ने घटना के कारणों की जांच के आदेश दे दिए हैं। रेलवे ने बताया कि इस घटना का रेल संचालन पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ा और सभी ट्रेन सेवाएं सामान्य रूप से संचालित होती रहीं।